खेती बाड़ी
किसानो ने अभी तक की रबी बुवाई में सर्वाधिक का रिकॉर्ड बनाया
रबी सीजन का क्षेत्र कवरेज रेकार्ड 684.59 लाख हेक्टेयर, पिछले साल था 665.59 लाख हेक्टेयर

देश में इस बार रबी की बुवाई अब तक की सर्वाधिक हुई है। यानि रिकॉर्ड बुआई हुई है। रबी सीजन का क्षेत्र कवरेज रेकार्ड 684.59 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है, जो पिछले साल कुल 665.59 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में था। किसानों की अथक मेहनत, कृषि वैज्ञानिकों के अनुसंधान और किसान हितैषी नीतियों व कार्यक्रमों के कारण कृषि क्षेत्र की प्रगति निश्चित ही ऊंचाइयों पर पहुंच रही है।
रबी सीजन की बुवाई के 29 जनवरी 2021 को प्रारंभिक अंतिम आंकड़े आए हैं। देश में अंतिम रबी क्षेत्र के कवरेज के विश्लेषण के अनुसार, रबी फसलों के अंतर्गत कुल क्षेत्रफल का कवरेज पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान 665.59 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल के मुकाबले, 684.59 लाख हेक्टेयर क्षेत्र है। इस प्रकार पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में कुल रबी क्षेत्र के कवरेज में 19.01 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है। कमोबेश सभी फसलों के क्षेत्र कवरेज में बढ़ोत्तरी हुई है। अंतिम क्षेत्र कवरेज में रेपसीड और सरसों सहित गेहूं, चावल, दलहन और तिलहन के तहत कवरेज क्षेत्र में वृद्धि दर्ज की गई है।
गेहूं पिछले वर्ष के 336.43 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल के मुकाबले 346.36 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुई की गई है । इस तरह गेहूं के क्षेत्र कवरेज में 9.93 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है। इसी तरह, पिछले वर्ष के 30.20 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल के मुकाबले चावल की बुवाई 35.23 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई है, यानी क्षेत्र कवरेज में 5.02 लाख हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की गई है। दलहन के अंतर्गत क्षेत्र कवरेज 167.38 लाख हेक्टेयर रहा है, जो कि पिछले वर्ष के 162.87 लाख हेक्टेयर क्षेत्र के मुकाबले 4.51 लाख हेक्टेयर अधिक है। पिछले साल के 79.98 लाख हेक्टेयर क्षेत्र के मुकाबले तिलहन की फसलों की बुवाई 83.95 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई है। इस प्रकार तिलहन में 3.97 लाख हेक्टेयर क्षेत्र कवरेज में वृद्धि हुई है।
जल भंडार की स्थिति और लगभग सभी राज्यों में मिट्टी की नमी बहुत अच्छी है, इसलिए रबी फसलों की संभावना बहुत अच्छी है। कोरोना महामारी के बावजूद खरीफ व रबी सीजन की रेकार्डतोड़ बुवाई कृषि क्षेत्र की प्रगति की सूचक है।
Leave a Comment