डेयरी
मवेशी की दुधारू नस्ल कैसे पहचानें

पशुपालक दूध उत्पादन के लिए गाय या भैंस तो खरीद लेते हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में मवेशी की नस्ल दुधारू है या नहीं पता नहीं कर पाते। इसके अलावा मवेशी पहले से किसी रोग से ग्रस्त है या नहीं यह भी पता नहीं लगा पाते हैं। इस वजह से आर्थिक नुकसान की संभावना बढ़ जाती है। जानकारों के मुताबिक अगर पशुपालक कुछ बातों का ध्यान रखें तो इससे बचा जा सकता है। जानकारों की मानें तो मवेशी को उसकी शारीरिक बनावट, स्तन प्रणाली, उम्र, सेहत, प्रजनन की क्षमता, और वंशावली को ध्यान में रखकर ही खरीदना चाहिए।
मवेशी खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान
दूध उत्पादन
बाजार में दुधारू मवेशी की कीमत उसकी दूध देने की क्षमता के हिसाब से तय होती है। इसलिए अगर संभव हो तो उसे खरीदने से पहले 2-3 दिनों तक उसे खुद दुह कर देखना चाहिए। इसके साथ ही इस बात पर भी ध्यान देना चाहिए कि दूध को दुहते समय उसकी धार सीधी गिर रही है या नहीं। साथ ही दूध दुहने के बाद थनों को सिकुड़ जाना चाहिए।
शरीर की बनावट
एक अच्छे दुधारू मवेशी का शरीर आगे से पतला और पीछे से चैड़ा होता है। उसके नथुने खुले हुए और जबड़े मजबूत होते हैं। उसकी आंखें उभरी हुई, पूंछ लम्बी और त्वचा चिकनी और पतली होती है। छाती का हिस्सा विकसित और पीठ चैड़ी होती है। उसके सभी थन एक समान लम्बे, मोटे और बराबर दूरी पर होते हैं।
वंशावली
मवेशी की वंशावली का पता होने से उसकी नस्ल और दूध उत्पादन क्षमता की सही परख हो सकती है। हलांकि हमारे देश में मवेशियों की वंशावली का रिकार्ड रखने का चलन नहीं है, लेकिन फिर भी अगर पशुपालक अच्छी डेरी से उसे खरीदता है तो मवेशी की वंशावली का पता चल सकता है।
प्रजनन क्षमता
सही दुधारू गाय या भैंस वही होती है, जो हर साल एक बच्चा देती है। इसलिए उसे खरीदते समय उसके प्रजनन रिकार्ड की जानकारी करना भी जरूरी है। ऐसा नहीं होने से मवेशियों में कमजोरी, गर्भपात होना, स्वस्थ बच्चा नहीं जनना, प्रसव में दिक्कतें जैसी कई परेशानियां सामने आ सकती है।
उम्र
दूध का कारोबार करने के लिए कम आयु के मवेशी खरीदना काफी फायदेमंद होता है। मवेशियों की उम्र का पता उन के दांतों की बनावट और संख्या को देखकर लगाया जाता है। 2 साल की उम्र के मवेशी के ऊपर-नीचे के दांत मिलाकर 8 स्थायी और 8 अस्थायी दांत होते हैं। 5 साल की उम्र में ऊपर और नीचे मिलाकर 16 स्थायी और 16 अस्थायी दांत होते हैं। वहीं 6 साल से ऊपर की आयु वाले मवेशी में 32 स्थायी और 20 अस्थायी दांत होते हैं।
Leave a Comment